अनपरा (सोनभद्र)। बीएसएनएल की लचर कार्यप्रणाली से लोगों में आक्रोश है। सपा कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को बीएसएनएल के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर समस्या दूर करने की मांग की है।
समाजवादी पार्टी ओबरा विधान सभा के पूर्व प्रत्याशी रवि कुमार गोड़ उर्फ बड़कू ने महाप्रबंधक को लिखे पत्र में कहा है कि ऊर्जांचल में बीएसएनएल का नेटवर्क आये दिन ध्वस्त रहता है। जब नेटवर्क रहता है तो लगातार काल ड्राप की समस्या उत्पन्न होती है। कई माह से अनपरा व शक्तिनगर क्षेत्र में बीएसएनएल का नेटवर्क अक्सर बाधित रहता है। जिससे फोन, इंटरनेट सुचारु रूप से नहीं कार्य करते। इससे बीएसएनएल उपभोक्ता नियमित रिचार्ज, इंटरनेट पैक भरवाने के बावजूद भी उसका उपयोग नहीं कर पाते। जिससे उपभोक्ता ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि बीएसएनएल की सुविधाओं में सुधार नहीं हुआ तो सपा कार्यकर्ता आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।