बीजपुर। नधिरा सब स्टेशन से बखरिहवां फीडर को आपूर्ति की जाने वाली बिजली का 440 बोल्ट का तार इंजानी गांव के पास मंगलवार की रात टूट कर गिर पड़ा। तार टूटने से 20 गांव की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। ऐसे में रात काटना उपभोक्ताओं के लिए मुसीबत बन गई। बुधवार को रोजमर्रा के काम प्रभावित हुए। वहीं हैरत की बात यह है कि बिजली विभाग के लोगों को तार टूटने की जानकारी तक नहीं है।
नधिरा सब स्टेशन से बखरिहवां फीडर 440 बोल्ट का तार गुजरा है। इस फीडर से 20 से अधिक गांव जुड़े हैं। अचानक रात 10 से 11 बजे के बीच तार टूटकर गिर पड़ा। थोड़ी देर बाद आपूर्ति ठप हो गया। बुधवार की सुबह उपभोक्ताओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उपभोक्ताओं का कहना है कि इस फीडर के संचालन के लिए लगे उपकरण और तार काफी पुराने हो गए हैं। हालत यह है कि हल्की हवा चलने के साथ ही तार टूट कर गिर जाते हैं। इसकी शिकायत कई बार विभाग के आला अधिकारियों से की गई लेकिन कोई इस ओर ध्यान ही नहीं देता। जब भी अधिकारियों से बात की जाती है तो हर बार यही जवाब मिलता है कि तार व उपकरण बदलने के लिए शासन को स्टीमेट भेजा गया है लेकिन कई साल बीत जाने के बावजूद अभी तक कोई पहल नहीं हो सकी है। उपभोक्ताओं ने बताया कि बिजली का तार गिरने से कई हादसे भी हो चुके हैं, बावजूद इसके महकमा इसकी सुधि नहीं ले रहा है।क्षेत्र के उपखण्ड अधिकारी चंद्रशेखर ने कहा कि तार टूटने की जानकारी उन्हें नहीं है। पताकर आपूर्ति बहाल कराए जाने का प्रयास किया जाएगा। उधर उपभोक्ताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री और राज्यपाल के दौरे के समय तो सब कुछ ठीक हो गया था लेकिन उनके जाते ही बिजली विभाग निरंकुश हो गया है । रात 11 बजे बिजली आती है और चार बजे भोर में ही काट जाती है ।