चुर्क। नगर में पानी का संकट बढ़ गया है। कई जगहों पर पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे गुस्साए नगर के लोगों ने बुधवार को नगर पंचायत कार्यालय पर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि ईओ को पूर्व में ज्ञापन सौंपने के बावजूद अब तक पानी आपूर्ति की कोई व्यवस्था नहीं की गई। चेताया कि यदि नगर पंचायत प्रशासन पानी नहीं उपलब्ध कराता है तो कार्यालय में तालाबंदी करा दी जाएगी।
चुर्क नगर पंचायत क्षेत्र में पिछले काफी दिनों से पानी का संकट है। पंचायत एक पानी की टंकी से महज पांच से दस मिनट ही पानी की आपूर्ति करता है। इससे तमाम लोगों को पानी नहीं मिल पाता है। टैंकरों से भी लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंचाया जा रहा है। इससे गुस्साए लोगों ने बुधवार को प्रदर्शन कर उचित कार्रवाई की मांग की। नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष निर्मला सिंह ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से टैंकर से भी पानी की आपूर्ति बंद हो गई है। इससे पानी की किल्लत बढ़ती जा रही है। नगर के वार्ड तीन, पांच, छह, आठ में पाइप लाइन तक नहीं बिछाया गया है। इन वार्डों के लोगों का एकमात्र सहारा हैंडपंप या टैंकर है। टैंकर से पानी आपूर्ति बंद होने से लोग पूरी तरह से हैंडपंपों पर ही निर्भर हो गए हैं। पूर्व चेयरमैन ने कहा कि पूर्व में टैंकर से पानी की आपूर्ति के लिए ईओ सुनील कुमार को ज्ञापन भी सौंपा गया लेकिन नगर पंचायत प्रशासन इसको लेकर गंभीर नहीं है। इससे नगर के लोग कड़ी दोपहरी में पानी के लिए हैंडपंपों पर कतार लगाने के लिए विवश हैं। प्रदर्शन में अजय केसरी, दीपचंद महतो, पूजा गुप्ता, सुषमा जायसवाल, चमेली देवी, बनारसी समेत अन्य शामिल रहे।