अमर उजाला ब्यूरो
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज तहसील क्षेत्र में कुसुम्हा और खुज्जा में दो विद्युत सब स्टेशन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। खुज्झा में 132 केवीए और कुसुम्हा में 33 केवीए का सब स्टेशन बनेगा। इसके लिए प्रशासन ने दोनों जगहों पर जमीन आवंटित कर दी है। जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा। इन दोनों सब स्टेशनों के बनने से नगवां, चतरा ब्लॉक के गांवों के साथ ही पड़ोसी जनपद चंदौली के नौगढ़ और चकरघट्टा क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं को भी लो-वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी।
राबर्ट्सगंज विद्युत वितरण खंड में पड़ने वाले नगवां और चतरा ब्लॉक में विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था बेहद खराब है। तमाम गावों में खंभे और तार लगे हैं लेकिन बिजली नहीं मिलती। जिन गांवों में बिजली मिलती भी है, वहां लो-वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ताओं को जूझना पड़ता है। अब क्षेत्रीय उपभोक्ताओं को इससे निजात मिलने की उम्मीद जग गई है। एक्सईएन राजेंद्र प्रसाद पटेल ने बताया कि खुज्झा के लिए साढ़े तीन हेक्टेयर और कुसुम्हा के लिए 0.25 हेक्टेयर जमीन प्रशासन की ओर से आवंटित की जा चुकी है। खुज्झा में करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से सब स्टेशन का निर्माण कराया जाएगा। इसके बनने से नगवां ब्लॉक के रामपुर गांव में बने सब स्टेशन को बिजली मिलेगी। इससे पहाड़ी क्षेत्रों सोमा, सथारी, मांची, पनौरा समेत अन्य गांवों में उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी। उन्होंने बताया कि खुज्झा के 132 केवीए सब स्टेशन से नगवां ब्लॉक के सैकड़ों गांवों के अलावा चंदौली के नौगढ़ और चकरघट्टा क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिजली सुविधा मिल सकेगी। इन दोनों सब स्टेशनों के निर्माण से आए दिन होने वाली ट्रिपिंग और फाल्ट से भी काफी हद तक निजात मिल सकेगी।