शक्तिनगर (सोनभद्र)। मंगलवार दोपहर खाद्य विभाग की संयुक्त टीम की छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया। टीम की मौजूदगी की खबर पर दुकानों के शटर धड़ाधड़ गिर गए। कार्रवाई के दौरान एक परचून दुकान से प्लास्टिक नुमा चिप्स बरामद हुआ, जिसे अधिकारियों ने जलवाया दिया और कुछ मात्रा जांच के लिए सुरक्षित रख लिया।
जिला अभिहित अधिकारी मानिक चंद सिंह की अगुवाई में की गई कार्रवाई में रार्बट्संगज के खाद्य अधिकारी प्रमोद कुमार सोनकर, घोरावल के खाद्य अधिकारी मयंक शंकर दूबे, दुद्धी के खाद्य अधिकारी प्रवीण कुमार राय सहित कई अन्य कर्मी शामिल रहे। राजीव गांधी मार्केट पहुंचे अधिकारियों ने शिवा स्टोर (पप्पू जनरल स्टोर) पर छापेमारी किया तो काफी मात्रा में कचरी व खुला चिप्स मिला। शुरूआती जांच में अधिकारियों इसे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताया और दोनों खाद्य सामानों को जलवा दिया। इस दुकान से कुछ सैंपल भी लिए गए। पास में स्थित एक दुकान से खुला सरसों तेल का नमूना लिया गया। जिला अभिहित अधिकारी श्री सिंह ने बताया कि मंगलवार को शक्तिनगर के साथ खड़िया बाजार स्थित अशोक व जगदीश मित्तल की दुकानों से सैंपल लिए गए। इसी तरह अनपरा व रेनूकुट की गई दुकानों की जांच की गई और नमूना लेने के बाद जांच के लिए भेज दिया गया।