सोनभद्र। नगवां ब्लॉक के बैजनाथ गांव में मंगलवार को परियोजना निदेशक एनएन मिश्रा ने चौपाल लगाकर जन समस्या सुनी। फिर निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास का निरीक्षण किया। जहां कई आवासों की अभी नींव तक नहीं खोदी मिली। इस पर पीडी ने नाराजगी जाहिर की और चेताया कि एक सप्ताह के अंदर नींव भरकर दूसरी किश्त की डिमांड नहीं की गई तो पहली किश्त की धनराशि की रिकवरी लाभार्थी से की जायेगी।
परियोजना निदेशक ने मंगलवार को नगवां ब्लॉक के अति नक्सल प्रभावित और पिछड़े गांव बैजनाथ का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने पहले जन चौपाल लगाकर लोगों की समस्या सुनी। उन्हें शासन से संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी। योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी बताया। इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवासों का निरीक्षण भी किया। जांच में पाया कि गांव में आठ लोगों को प्रधानमंत्री आवास आवंटित हैं। उन्होंने बताया कि रुक्मणिया पत्नी दीप नारायण की दीवार तीन फिट की खड़ी है, लेकिन सेकेंड किश्त की मांग अब तक नहीं हुई। जबकि शासन का निर्देश है की जिन लाभार्थियों को धन दिए दो माह से ऊपर हो गया हो, उनकी दूसरी किश्त मांगी जाए। बताया कि छह आवास की दूसरी किश्त मांग ली जानी चाहिए थी, जबकि नहीं मांगी गई। जांच में पाया कि प्रभावती पत्नी रामदुलारे को पहली किश्त 44 हजार रुपये चार माह पहले दी गई थी लेकिन अब तक उसके आवास के निर्माण के लिए नींव तक की खोदाई नहीं हो सकी है। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। चेताया कि एक सप्ताह में नींव भरकर दूसरी किश्त नहीं मांगी गई तो धनराशि वापस मांगने के निर्देश जाएंगे। बताया कि इसी तरह मुनिया पत्नी जोगेंद्र, हरिदास पुत्र जवाहिर और मालती पत्नी राजेश्वर की भी नींव तक का काम नहीं हुआ। उन्होंने प्रधान और सेक्रेटरी को जल्द निर्माण कराने का निर्देश दिया।