सोनभद्र। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को राबर्ट्सगंज ब्लॉक के स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें पूर्व में नक्सल गतिविधियों से जुड़े रहे लोगों ने अपने पुराने अनुभव साझा किये और कहा कि किसी भी समस्या का हल बुलेट नहीं बैलेट है। पूर्व में नक्सल गतिविधियों में शामिल रहे और अब मुख्य धारा से जुड़ चुके 80 लोगों ने मजबूत लोकतंत्र के लिए अधिकाधिक मतदान की हिमायत की।
गोष्ठी में डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने कहा कि मजबूत भारत की नींव लोकतंत्र पर है। लोकतंत्र में सभी को समान अवसर मिला है। चाहे वह अमीर हो या गरीब, सभी लोगों को अपनी सरकार चुनने का अधिकार लोकतंत्र ने दिया है। सभी लोग 19 मई को इस लोकतंत्र के महापर्व में अपनी सहभागिता निभाएं। एसपी सलमान ताज पाटिल ने कहा कि जो लोग पिछली गतिविधि को छोड़कर मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं और आज लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी आहुति देने के लिए तैयार हैं, प्रशासन भी उनके साथ खड़ा है। स्वीप प्रभारी आरके भारती ने कहा कि जिले में एक इतिहास रचा जा रहा है कि पूर्व में जो लोग नक्सल गतिविधियों में शामिल थे, वह आज वह लोकतंत्र के लिए प्रचार कर रहे हैं। सभी लोग 19 मई को मतदान करें एवं इस कार्यक्रम से जुड़ें। कभी नक्सल गतिविधियों से जुड़ी पुष्पा कोल समेत अन्य कई लोगों ने पूर्व के अनुभवों को साझा करते हुए मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदान को जरूरी बताया। कार्यक्रम में स्वीप की तरफ से सभी लोगों को निर्वाचन आयोग के महा महोत्सव की प्रिंट की हुई टी-शर्ट भी वितरित की गई। डीएम ने सभी लोगों को बूथ पर वालंटियर की जिम्मेदारी एवं अपने बूथ पर मतदाताओं को निकाल कर मतदान कराने की जिम्मेदारी भी सौंपी। गोष्ठी में पंचायत अजय सिंह, रविदत्त मिश्र, सहायक स्वीप प्रभारी अनिल केसरी, किरन सिंह, अमरजीत आदि लोगों ने हिस्सा लिया।