चुर्क। स्वामी हरसेवानंद इंटर कालेज कालेज चुर्क में बूथ वालेंटियर्स के सम्मेलन में डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने कहा कि मतदाता जन जागरूकता को जिले के वालेंटियर जन आंदोलन का रूप दें। बेहतर मतदान प्रतिशत के मतदान केंद्रों के बूथ वालेंटियरों को जिला निर्वाचन अधिकारी ने सम्मानित भी किया जाएगा।
हौसला और दृढ़ इच्छाशक्ति से ऊचें से ऊंचें मुकाम को हासिल किया जा सकता है। बूथ वालेंटियरों के उत्साह से भरोसा बढ़ रहा है कि 19 मई को होने वाले मतदान में मतदाताओं द्वारा अधिकाधिक मतदान किया जाएगा। डीएम ने कहा कि पिछले चुनाव में जिले का मतदान प्रतिशत करीब 54 फीसदी था, जिसे सभी के सहयोग से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से बढ़ाकर 70 प्रतिशत से अधिक करना है। उन्होंने कहा कि बेहतर, अधिकाधिक मतदान कराने वाले बूथ वालेंटियरों को पहली बार मतदाताओं को घर से बुलाने व बूथों पर सहयोग कने के लिए तैनात किये गये मतदाता जागरूकता वालेेंटियरों को भी सम्मानित किया जायेगा।
जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ने से जिले के लोगों का मान बढ़ेगा और लोकतंत्र भी मजबूत होगा। उन्होंने कहाकि विधान सभा राबर्ट्सगंज व दुद्धी में शाम चार बजे तक ही मतदान होगा। लिहाजा विधान सभा दुद्धी क्षेत्र के मतदाता तत्परता के साथ समय का ध्यान रखते हुए शाम चार बजे से पहले ही मतदान करने की कोशिश करें। इस दौरान एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह, डीपीआरओ आरके भारती, बूथ वालेंटियर, एडीओ पंचायत, ब्रांड अंबेसडर अभय कुमार शर्मा ने संबोधित करते हुए मतदाता जन जागरूकता को बढ़ावा देने संबंधी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन शमीम अहमद ने किया। इस मौके पर जिले के हजारों बूथ वालेंटियर सहित कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहें।