घोरावल (सोनभद्र)। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा गत दिनों सत्र 2018-19 के लिए लखनऊ में प्राथमिक स्तर, उच्च माध्यमिक स्तर और डीएलएड स्तर की द्वितीय आदर्श पाठ योजना प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें जनपद स्तर से और संस्था एवं विद्यालय स्तर से प्राप्त पाठ योजनाओं की स्क्रीनिंग विशेषज्ञों के पैनल द्वारा राज्य स्तर पर कराई गई। इसमें हिंदी, अंग्रेजी, गणित, पर्यावरण, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषयों की उत्कृष्ट पाठ योजनाओं का चयन किया गया। प्रतियोगिता में सोनभद्र के शिक्षकों ने अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है।
प्राथमिक स्तर पर गणित विषय में प्राथमिक विद्यालय वीरखुर्द घोरावल के प्रधानाध्यापक शिव शंकर, उच्च प्राथमिक स्तर पर गणित विषय में उच्च प्राथमिक विद्यालय विसुंधरी घोरावल के सहायक अध्यापक दीनबंधू त्रिपाठी एवम उच्च प्राथमिक स्तर पर हिंदी विषय में उच्च प्राथमिक विद्यालय पासीकला राबर्ट्र्सगंज की अनुदेशक ममता विश्वकर्मा द्वारा प्रस्तुत पाठ योजनाओं का चयन किया गया। यह तीनों शिक्षक ब्लाक स्तर जिला स्तर से होते हुये राज्य स्तर पर पंहुचे थे। इसके साथ ही दीनबंधू त्रिपाठी कहानी प्रतियोगिता में भी राज्य स्तरीय विजेताओं में शामिल रहे हैं। सभी शिक्षकों को एससीईआरटी द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। बीएसए डा.गोरखनाथ पटेल, खण्ड शिक्षा अधिकारी उदयचन्द्र राय, सह समन्वयक संजय मिश्रा, अशोक त्रिपाठी, अविनाश शुक्ला, कौसर जहां सिद्दीकी इत्यादि ने हर्ष व्यक्त किया है।