डाला। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा में दुर्व्यवस्थाओं के खिलाफ छात्रों ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु यादव के अगुवाई में छात्रों ने ओबरा के विधायक संजीव कुमार गोड़ को ज्ञापन सौंपा। मांग उठाई कि महाविद्यालय में प्राध्यापकों की कमी को दूर किया जाए और कई अन्य विषयों की कक्षाएं चलाने की मांग की गई। छात्रों ने चेताया कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में छात्रों ने महाविद्यालय में बीए व एम में अंग्रेजी, बीकॉम, बीएससी और एमएससी में गणित, जीव विज्ञान के रिक्त पदों पर शिक्षकों की भर्ती कराने, महाविद्यालय में एमएससी विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, गणित विषय को संस्थागत कराए जाने की मांग उठाई। एम काम संस्थागत कराने व एमए अंग्रेजी, उर्दू विषय संस्थागत कराने तथा सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए छात्रावास के निर्माण की मांग उठी। पुस्तकालय में पुस्तकालय अध्यक्ष की नियुक्ति कराने, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के नियुक्ति की भी मांग पत्र सौंपकर की गई। छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु यादव ने कहा कि महाविद्यालय में दूर दराज के अति पिछड़े क्षेत्रों से आदिवासी बहुल क्षेत्र के मजदूर व किसान घर से छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। उन्हें उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए अध्यापकों की कमी व व्यवसायिक शिक्षा के अभाव में अध्ययन अधूरा रह जाता है। सबसे बडी कमी कॉलेज में स्वीकृत पदों में से कई पद रिक्त पड़े हैं। इससे नियमित व सुचारू रूप से पढ़ाई नहीं हो पा रही है। पत्र सौंपने वालों में छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु यादव, हरजोत सिंह मोंगा, शुभम प्रजापति, करीमुल जमा अंसारी, शैलेश बैसवार, रवि पाठक मौजूद रहे।