सोनभद्र। सरकारी योजनाओं से लाभार्थियों को लाभान्वित न करने समेत अन्य आरोप में मंगलवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह ने चकरिया की सहायक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राधिका और चकरिया की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सावित्री देवी की सेवा समाप्त कर दी। इनके अलावा दस और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा समाप्त करने की पत्रावली तैयार की ली गई है।
ड्यूटी के प्रति लापरवाह आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पिछले दिनों केंद्रों का निरीक्षण करने पर मिली खामियों को गंभीरता से लेते हुए डीपीओ ने कार्रवाई तेज कर दी है। डीपीओ ने बताया कि केंद्र का संचालन नियमित रूप से न करने, केंद्र पर अभिलेखों को पूर्ण न करने, बिना सूचना के अनुपस्थित रहने, शासकीय कार्य में रूचि न लेने एवं उच्चाधिकारियों के आदेशों का अवलेहना करने के आरोप में चकरिया की सहायक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राधिका और चकरिया की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सावित्री देवी को नोटिस देकर जवाब मांगा गया था। संतोषजनक जवाब न मिलने पर डीएम अमित कुमार सिंह के निर्देश पर दोनों की सेवा समाप्त कर दी गई है। इनके अलावा चोपन ब्लॉक के दो, राबर्ट्सगंज ब्लॉक की पांच, म्योरपुर की एक और नगवां ब्लॉक की एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को बर्खास्त करने के लिए रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। डीएम की अनुमति मिलने के बाद उनकी भी सेवा समाप्त कर दी जाएगी।