सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी घाटी में सोमवार की सुबह अनियंत्रित होकर ऑटो चट्टान से टकरा गई। हादसे में चोपन में आयोजित सामुहिक विवाह में शादी करने जा रहे ओमप्रकाश सहित 16 लोग घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। यहां इमरजेंसी में दो बेड होने के कारण जमीन पर कई मरीज तड़पते रहे। यह देख वहां मौजूद कुछ लोगों ने नाराजगी जाहिर की तो स्वास्थ्य कर्मियों ने घायलों को बेड पर ले गए।
शाहगंज थाना क्षेत्र के बालडीह (रामपुर) गांव निवासी ओमप्रकाश (20) पुत्र लक्ष्मण सपरिवार आटो में सवार होकर शादी करने चोपन में मुख्यमंत्री विवाह योजना के तहत आयोजित सामुहिक शादी समारोह में रेखा पुत्री हिरालाल निवासी रामपुर (जिगना) के साथ विवाह करने के लिए जा रहा था। सुबह करीब साढ़े नौ बजे रास्ते में मारकुंडी घाटी में अनियंत्रित होकर ऑटो चट्टान से टकरा कर पलट गई। दुर्घटना में ऑटो सवार दुल्हा ओमप्रकाश, अनिल (20), मुन्ना (40), भरतलाल (50), लच्छो (58), फिटकिरा देवी (48), राजकुमारी (30), लक्षरमिना (50), चंद्रावती (39), अवधेश (16), गुड्डी (30), राजकुमारी (30), तेजकुमारी (35), अशोक (6), सुधा (8), रोहित (3) घायल हो गए। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने घटना की सूचना चोपन, राबट्र्सगंज कोतवाली पुलिस व 108 एंबुलेेंस को दी। राहगीरों ने घायलों की मदद करते हुए उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचवाया।