सोनभद्र। उत्तर प्रदेश कर अधिवक्ता संगठन (पंजीकृत) लखनऊ के आह्वान पर जीएसटी में आ रही विसंगतियों को लेकर पूरे देश एवं प्रदेश के सभी कर अधिवक्ता 25 अक्तूबर को पूर्ण रूप से हड़ताल पर रहेंगे। इसके अलावा वाणिज्य कर कार्यालय पर सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक सभी कर अधिवक्ता धरना-प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराएंगे और सांसद छोटेलाल खरवार एवं सदर विधायक भूपेश चौबे को जीएसटी की खामियों के संबंध में ज्ञापन भी देंगे।
दी सोनभद्र टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश शरण मिश्र ने बताया कि जीएसटी पोर्टल की खामियों की वजह से जुलाई, अगस्त, सितम्बर के मासिक अधिकांश रिटर्न या तो दाखिल नही हो पाये हैं या जो दाखिल किए गये हैं, उनमें तमाम प्रकार की गलतियां करदाताओं से जानकारी न होने की वजह से हो गई हैं। जिसके संशोधन या रिवाईज का कोई विकल्प ना होने के कारण व्यापारियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही जीएसटी पोर्टल के ठीक ढंग से नियमित रूप से काम न करने के कारण जो व्यापारी अपना रिटर्न अंतिम तारीख तक दाखिल नहीं कर सके हैं उनके ऊपर 200 रुपया प्रतिदिन के हिसाब से पेनाल्टी की कार्यवाही की जा रही है, जबकि सरकार की ओर से जीएसटी लागु होने के पहले ही कहा गया था कि व्यापारियों पर अगले छह महीने तक कोई भी पेनाल्टी की कार्यवाही नहीं की जायेगी।