सोनभद्र (घोरावल/शिवद्वार)। नगर स्थित पं दीनदयाल उपाध्याय आश्रम पद्धति विद्यालय में सोमवार को मेडिकल टीम ने जाकर वायरल फीवर से पीड़ित सभी छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। एहतियात के तौर पर विद्यालय में उपस्थित सभी 234 छात्रों की जांच की गई और दवा दी गई। तीन छात्रों को रक्त परीक्षण के लिए घोरावल सीएचसी भेजा गया। उधर वायरल फीवर से पीड़ित अधिकांश छात्रों के अभिभावक उन्हें घर ले गए।
बता दें कि विद्यालय में पिछले एक सप्ताह से वायरल फीवर का प्रकोप है, जिससे कुल 53 छात्र पीड़ित हो गए। हालत गंभीर होने पर शनिवार और रविवार को कुल 29 छात्रों का घोरावल सीएचसी में इलाज किया गया था। रविवार शाम को जिला समाज कल्याण अधिकारी ने विद्यालय जाकर बीमार छात्रों को देखा। उधर सोमवार को ही सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरसी मौर्या के नेतृत्व में मेडिकल टीम विद्यालय पहुंच कर बीमार बच्चों का इलाज किया। डॉ. आरसी मौर्या का कहना है कि अब बीमार सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर है। एहतियात के तौर पर उपस्थित सभी 234 छात्रों की जांच कर, उन्हें दवा दी गई। घोरावल विधायक अनिल मौर्या भी विद्यालय पहुंचे और बीमार बच्चों का हाल चाल पूछा। विधायक ने विद्यालय में साफ -सफाई, भोजन, मेडिकल व्यवस्था, पेयजल समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। छात्रों के बेहतर इलाज और विद्यालय में व्याप्त कमियों को पूर्ण करने का संबंधितों को निर्देश दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य राममोहन शर्मा ने बताया कि कुछ बच्चों के अभिभावक उन्हें अपने साथ ले गए। बाकी सभी बच्चों को बेहतर इलाज दिया जा रहा है। एसडीएम शादाब असलम ने कहा कि वह पूरी घटना पर निगाह रखे हुए हैं। बच्चों के बेहतर इलाज के लिए विद्यालय एवं सीएचसी को निर्देश दिया गया है। विद्यालय में व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया है।