सोनभद्र। जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में फसलों की क्षति और उसकी तुलना में दिये जाने वाले अनुदान के संबंध में बैठक की। इसमें उन्होंने निर्देश दिया कि रबी सूखे से हुए कृषि की फसलों की क्षति की तुलना में प्रभावित किसानों को भारत सरकार के मानक के अनुरूप कृषि निवेष का अनुदान वितरित किया जाए। सूखे से प्रभावित लघु एवं सीमांत किसानों को छूट खतौनी बनवाकर किसानों को नियमानुसार जॉच प्रक्रिया पूरी कर अनुदान वितरित किया जाय।
डीएम ने कहा कि सभी एसडीएम अपने-अपने तहसील क्षेत्रों में छूट खतौनी में सही रूप से खतौनी आदि का विवरण दर्ज करें। किसी भी पात्र किसान को अनुदान का लाभ पाने से वंचित न रखा जाय और किसी भी अपात्र व्यक्ति को अनुदान का लाभ किसी भी हाल में न दिया जाय। शासनादेशानुसार सभी निर्देशों को अक्षरश: अनुपालन किया जाय। प्रभावित किसानों को भारत सरकार द्वारा स्वीकृति समानुपात में ही धनराशि का वितरण किया जाय। न्यूनतम सहायता राशि एक हजार रूपये से कम नहीं दी जायेगी। उन्होंने कहा कि सभी किसानों को जरूरी कागजातों को जॉच के बाद जमा कराकर जल्द से जल्द फीडिंग करा दिया जाय। बैठक में सीडीओ सुनील कुमार वर्मा, एडीएम उमाकांत त्रिपाठी, एसडीएम सदर शादाब असलम, एसडीएम घोरावल मनिकनंदन, एसडीएम दुद्धी रामचंद्र यादव, डिप्टी कलेक्टर भानु प्रताप सिंह, डिप्टी कलेक्टर राज कुमार, डीडीओ रामबाबू त्रिपाठी मौजूद रहे।