अनपरा। अनपरा बाजार व आसपास डेंगू बुखार के बढ़ते प्रकोप पर अमर उजाला अखबार ने शुक्रवार के अंक में प्रमुखता से समाचार को प्रकाशित किया था जिस पर हरकत में आए स्वास्थ्य विभाग के आलाधिकारियों ने अनपरा का दौरा कर परासी गांव मे ंआनन-फानन में दवा का छिड़काव शुरू कराया तथा संयुक्त चिकित्सालय डिबुलगंज का भी जांच किया।
अनपरा व आसपास के क्षेत्रों सहित परासी ग्राम सभा के बाटा गली में डेंगू बुखार के कई पीड़ित मरीज जो वाराणसी सहित अनपरा के विभिन्न स्थानों पर इलाज करा रहे है डेंगू बुखार के पीड़ितों में स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी व साथ ही क्षेत्र में साफ-सफाई व मच्छर रोधी दवाओं का छिड़काव न होने पर गहरा आक्रोश जताया था। जिसे अमर उजाला अखबार में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया। शुक्रवार की प्रात: स्वास्थ्य विभाग के डीएमओ डी एन श्रीवास्तव ने अनपरा का दौरा कर प्रभावित गांव परासी में म्योरपुर ब्लाक की टीम को दवा छिड़काव के निर्देश दिये तथा डिबुलगंज व अनपरा चिकित्सालय में जाकर सीएमओ व चिकित्सकों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया। हांलाकि उनकी जांच में कहीं भी डेंगू से पीड़ित मरीज नहीं मिले। उन्होंने कहा कि बुखार से कुछ लोग पीड़ित है पर वह प्राइवेट में ही इलाज करा रहे है जिससे डेंगू के लक्षण या उनकी जांच नहीं की जा सकी। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान के माध्यम से गांवों में मच्छर रोधी दवाओं का छिड़काव शुरू करा दिया गया है।