चुर्क। किसानों ने चुर्क स्थित सोन पंप कैनाल पर मंगलवार को सोन पंप के एक्सईएन का घेराव कर नारेबाजी की। किसानों का कहना था कि खेती-किसानी का सीजन शुरू हो गया है, लेकिन अब तक नहर में पानी नहीं छोड़ा जा सका है। जगह-जगह क्षतिग्रस्त नहर की अब तक मरम्मत न किए जाने पर भी नाराजगी जताई। एक्सईएन शशिकांत विद्यार्थी ने दो पंपों को चालू करवाकर पानी छोड़वाने के साथ ही बंद पड़े दो पंपों को भी 48 घंटे के भीतर चालू कराने का आश्वासन दिया, तब किसान शांत हुए।
दोपहर करीब 12 बजे चुर्क ग्रामीण सोन पंप कैनाल पर पहुंचे। कुछ ही देर बादं एक्सईएन भी पहुंच गए। किसानों ने कहा कि समय से नहर मेें पानी छोड़ कर उनके जीवकोपार्जन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। जगह-जगह नहर क्षतिग्रस्त है, इसकी जानकारी होने के बाद भी संबंधितों द्वारा मरम्मत नहीं कराया जा रहा है। कहा कि जब तक नहर में पानी नहीं छोड़ा जाएगा, तब तक एक्सईएन को जाने नहीं दिया जाएगा। एक्सईएन ने किसानों को उनकी समस्याएं दूर करने का आश्वासन देते हुए दो पंप को चालू करवा कर नहर में पानी शुरू कराया, तब किसान शांत हुए। एक्सईएन शशिकांत विद्यार्थी ने कहा कि बिजली विभाग के एक्सईएन से वार्तालाप कर दो दिन में बिजली को ठीक करवा कर अन्य दो पंप को भी चालू करवा दिया जाएगा। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य मनोज सोनकर, मूर्तिया के जिला पंचायत सदस्य हीरालाल, सोढ़ा के जिला पंचायत सदस्य तेजबली, सिधारी के प्रधान धीरेंद्र पटेल, वार परसौना के प्रधान सुरेंद्र पटेल, मारकंडेय पटेल, गौरी पटेल, विक्की पासी, संजय दूबे, मुन्ना सिंह आदि मौजूद रहे।