सोनभद्र। विकास भवन में स्थित डीपीआरसी सेंटर में डिस्ट्रिक्ट रिसोर्स ग्रुप (डीआरजी) का पांच दिवसीय प्रशिक्षण गुरुवार से शुरू हो गया। इसमें प्रत्येक ब्लॉक से चुने गए पांच-पांच लोगों का चयन किया गया है, जिन्हें प्रशिक्षित किया जा रहा है। सदस्यों को ग्राम पंचायतों में विकास योजना बनाने के लिए प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण की शुरूआत डीएम अमित कुमार सिंह और सीडीओ सुनील कुमार वर्मा ने दीप जलाकर किया। कहा कि यह प्रशिक्षण बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि जो प्रशिक्षण यहां प्राप्त करेंगे, उसी को आप ग्राम पंचायत स्तर पर ले जाएंगे। प्रशिक्षण में आप मेहनत योजना बनाने के तरीके अच्छे से सीखें। जिले के विकास के लिए 637 ग्राम पंचायतों में जीपीडीपी ग्राम पंचायत विकास योजना बनाई जाएगी और उसी के अनुसार कार्य कराया जाएगा। सीडीओ ने कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना गांव के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है। जिस ग्राम पंचायत की कार्य योजना अच्छी बन जाएगी, उसी का योजना के अनुसार ग्राम पंचायतें प्राप्त धनराशि से कार्य कराएंगी। डीपीआरओ आर के भारती ने बताया कि डिस्ट्रिक्ट रिसोर्स ग्रुप का उद्देश्य यह होगा कि यह प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम पंचायत विकास योजना बनाने के लिए गांव के लोगों को प्रशिक्षित करेंगे। कार्य योजना बनाने में मदद करेंगे। शासन केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की मंशा है कि अब जो भी कार्य योजना बनाई जाए उसमें गांव के लोगों की सहभागिता अधिक हो इस उद्देश्य से प्रशिक्षण कराया जा रहा है। इस दौरान डीपीआरसी के प्रधानाचार्य प्रभाकर सिंह, डीपीसी अनिल केशरी, किरन सिंह, देवेंद्र शर्मा मौजूद रहे।