सोनभद्र। शिक्षकों के समायोजन, स्थानांतरण व अंतर्जनपदीय स्थानांतरण के लिए जारी की गई नीति का शिक्षकों ने विरोध शुरू कर दिया है। शुक्रवार को बीएसए कार्यालय दफ्तर परिसर में उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ ने प्रदर्शन किया। बीएसए को सूबे के मुख्यमंत्री के नाम मांगपत्र सौंपा।
शिक्षकों ने समायोजन करने से पूर्व पदोन्नति करने की मांग की। कहा कि 30 सितंबर 2016 के आधार पर स्कूलों में पदसृजन हो और समायोजन नीति में विद्यालयों में नियुक्त विज्ञान एवं गणित शिक्षकों के संबंध में आदेश जारी करें। अंतर्जनपदीय स्थानांतरण के संबंध में 26 मई 2017 को बेसिक शिक्षा परिषद की बैठक में संघ की ओर से रखे गए प्रस्ताव को तीन वर्ष के लागू करते हुए जूनियर हाईस्कूलों में नियुक्त अनुदेशकों के संबंध मेें सौ छात्रों की बाध्यता को समाप्त किया जाए। साथ ही मानदेय 17000 का आदेश निर्गत करने और प्रदेश सरकार से समायोजन नीति को निरस्त करने की मांग की। मांगें पूर्ण न होने पर 31 जुलाई के शिक्षक लखनऊ मेें विधान सभा का घेराव करेंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष रविभूषण सिंह, धीरेंद्र पति तिवारी, अवधेश कुमार कन्नौजिया, आनंद द्विवेदी, अवधेश कन्नौजिया, अनिल सिंह, अर्जून सिंह, हेमंत चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।