ग्रामीणों ने किया हंगामा, पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार, घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामकोट (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद विशेष समुदाय के लोगों ने युवक व उसकी मां को बुरी तरह से पीट दिया। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। जानकारी मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा और मामले को शांत कराया। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्षेत्र के गांव चेना निवासी नवाब अली ढलिया गांव में अपना मकान एवं दुकान बनाकर रहता है। उन्हीं दुकानों में ककरहिया गांव निवासी बबलू ने बिल्डिंग की दुकान कर रखी है। शाम करीब 4:00 बजे ढलिया गांव निवासी नीरज (35) अपनी लोहे की चारपाई को बिल्डिंग करने के लिए बबलू की दुकान पर गया था। इस दौरान नीरज और बबलू में पैसे को लेकर कहासुनी हो गई। जिसको लेकर मकान मालिक नवाब एवं उसके भाइयों ने बबलू के साथ मिलकर नीरज को बुरी तरीके से पीट दिया। उसके गंभीर चोटें आई। बीच बचाव करने पहुंची नीरज की मां को भी दबंगों ने पीटा।
मारपीट से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर एकत्र होकर हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। जानकारी मिलते ही सीओ सिटी सुशील सिंह, शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आलाेक मणि त्रिपाठी व थानाध्यक्ष रामकोट बलवंत शाही पहुंच गए। करीब एक घंटा मनाने के बाद ग्रामीण माने। सीओ सिटी सुशील सिंह ने बताया कि आरोपी नवाब अली, अब्बास अली, कासिम अली, अकील अली सहित दुकानदार बबलू पर मुकदमा दर्ज कर उनको मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। घायलों का इलाज किया जा रहा है।