सिधौली। कोतवाली क्षेत्र निवासी दो युवकों की बाइक शुक्रवार देर रात डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से एक युवक को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।
सिंहपुर निवासी आकाश (19) व नौमीलाल (19) शुक्रवार देर रात कार्तिक पूर्णिमा पर कमलापुर थाना क्षेत्र के दरियापुर में मेला देखने गए थे। वापसी में सिंहपुर के पास भूरे ढाबा के सामने बाइक डिवाइडर से टकरा कर पलट गई।
बाइक टकराते ही आकाश डिवाइडर पर गिरा, जबकि बाइक चला रहा नौमीलाल सड़क पर जा गिरा। नौमीलाल को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए। जिसमें से आकाश का इलाज अटरिया के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। जबकि नौमीलाल को ट्राॅमा सेंटर रेफर किया गया। वहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।