जहांगीराबाद। सदरपुर के देवियापुर पुलिस चौकी के पास दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य घायल हो गए। युवक ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
जहांगीराबाद के मजरा दानपुरवा निवासी जाहिद अली (40) अपने मित्र खुबैब के साथ बाइक से बिसवां एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। शनिवार दोपहर करीब एक बजे जब वह सदरपुर के देवियापुर पुलिस चौकी से आगे स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी उनके आगे चल रही बाइक वाहन के चालक रेउसा के भदमरा निवासी एजाज उर्फ हाफिज (32) ने बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए अचानक बाइक को दाहिनी ओर मोड़ दिया। इस वजह से दोनाें बाइकों में आपस में टक्कर हो गई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी बिसवां भेजा। वहां खुबैब व एजाज उर्फ हाफिज को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। जाहिद अली की हालत गंभीर होने के कारण परिजन उन्हें लखनऊ के ट्रामा सेंटर ले जा रहे थे। रास्ते में ही जाहिद ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।
मिलनसार थे जाहिद, परिवार में हैं छह लोग
ग्रामीणों के अनुसार जाहिद बहुत मिलनसार थे। उनकी जहांगीराबाद चौराहे पर चूड़ियों की दुकान है। परिवार में पत्नी के अलावा तीन पुत्रियां और दो पुत्र हैं। इनमें एक पुत्री का विवाह हो चुका है। उनकी मौत की खबर मिलते ही जहांगीराबाद सहित दान पुरवा गांव में सन्नाटा छा गया।