फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रामकोट में गोलियों से भूनकर युवक की हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
सीतापुर। थाना रामकोट इलाके में बीती देर रात एक युवक की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे शव को हाईवे किनारे फेंककर फरार हो गए। रविवार सुबह शव पड़ा मिला। युवक की चार गोलियां मारकर हत्या की गई है। इसका खुलासा देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, युवक केे सिर, सीने और दोनों हाथों में गोलियां मारी गई हैं। तीन गोलियां शरीर को भेदते हुए पार हो गई हैं, जबकि एक बुलेट शरीर में धंस गई।
विज्ञापन

शहर कोतवाली इलाके के मोहल्ला कोट कर्बला पुराना सीतापुर निवासी शाहरुख (30) शनिवार की शाम चार बजे घर से पुराने सीतापुर में शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वहां से कुछ दोस्तों के साथ कहीं चला गया। देर रात घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। रविवार सुबह रामकोट इलाके में नवीन चौक पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर ईंट-भट्ठे की जमीन पर युवक का शव खून से लथपथ पड़ा मिला।
सूचना पर एसपी आरपी सिंह, एएसपी नार्थ डॉ. राजीव दीक्षित, सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह, रामकोट एसओ संजीत सोनकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। चश्मदीदों के मुताबिक, मृतक के शरीर पर गोलियों के कई निशान पाए गए हैं। ताबड़तोड़ गोलियों से भूनकर युवक की हत्या की गई है। युवक की हत्या किसने की, इसका पता अभी तक नहीं चल सका है।
विज्ञापन

शाहरुख को 2019 में गोली मारी गई थी। पुलिस का कहना है कि इस मामले में इसी के घर के सामने रहने वाले बब्बू को नामजद किया गया था। दोनों के बीच पुराना विवाद चल रहा है। मृतक के परिवार के लोग अब बब्बू समेत कई लोगों पर पर आरोप लगा रहे हैं।
एसओ रामकोट संजीत सोनकर ने बताया कि मामले में अज्ञात लोगों पर हत्या आदि की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। घटना की वजह और हत्यारों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अभी तक वारदात की स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी है। जल्द ही घटना का खुलासा होगा।
तफ्तीश में जुटी पुलिस
रामकोट इलाके में युवक की हत्या के मामले में पुलिस दो एंगल पर जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों की माने तो हत्या की दो वजहें जांच में सामने आ रही है। पहली वजह मृतक का दोस्तों के बीच बंटवारे का विवाद हो सकता है या फिर दूूसरी आशनाई हो सकती है। इन्हीं दो बिन्दुओं पर पुलिस जांच की दिशा को आगे बढ़ा रही है।
इसी में लीड मिल सकती है और जल्द ही घटना का खुलासा हो सकता है। युवक के साथ में निकले उसके दो दोस्त गायब हैं। पुलिस को पूरा यकीन है कि वारदात में फरार दोस्तों का हाथ हो सकता है। लोगों ने दोनों को शाहरुख के साथ जाते हुए देखा था। अब पुलिस उन दोनों की तलाश में तेजी से जुटी हुई है।
सात संदिग्ध उठाए गए, पूछताछ जारी
हत्या मामले में रामकोट पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। एसओ रामकोट संजीत सोनकर ने बताया कि मृतक के परिजनों ने जिन-जिन लोगों पर संदेह जताया है, उन सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अभी तक सात लोग हिरासत में हैं। शाहरुख पर भी कई आपराधिक केस दर्ज होने की बात सामने आई है। उस पर शहर कोतवाली और रामकोट में चोरी, आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं। ऐसे में पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
रामकोट में युवक का शव मिला है। उसकी हत्या की गई है। सुबह शव अज्ञात में था। दोपहर बाद शिनाख्त हुई है। अभी प्रधान की तहरीर पर अज्ञात में हत्या का केस दर्ज है। कई लोग हिरासत में हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
विज्ञापन

- पीयूष सिंह, सीओ सिटी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें