सकरन। ऊंचगांव निवासी सोनेलाल (35) की सोमवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने आशंका जताई है कि कच्ची शराब पीने के बाद हालत बिगड़ने से मौत हुई है। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
परिजनों के अनुसार सोनेलाल रात में शराब पीकर घर आए थे। खाना खाकर वह लेट गए थे। अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई। कई उल्टियां होने लगीं। परिजन डॉक्टर के पास ले जाने की व्यवस्था कर रहे थे, तभी उनकी मौत हो गई।
सोनेलाल की पत्नी की दस साल पहले ही बीमारी से मौत हो चुकी है। वह मजदूरी करके गुजारा करते थे। सोनेलाल का एक 12 वर्षीय पुत्र नितिन है। पिता की मौत के बाद नितिन के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है। ग्रामीणों ने बताया कि काफी समय से क्षेत्र में कच्ची शराब की बिक्री होती है। आशंका है कि उसके सेवन से ही सोनेलाल की मौत हुई। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। (संवाद)