रामआसरे की फाइल फोटो व माैके पर जांच करती पुलिस। संवाद
कुतुबनगर। पिसावां के फरिहा गांव निवासी रामआसरे (45) का शव मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में घर के बरामदे में पड़ा मिला। रिश्तेदार ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
महोली के लौकी गांव निवासी रामहेत ने बताया कि मंगलवार को अपने बहनोई रामआसरे से मिलने उनके गांव गए थे। वह फरिहा पहुंचे तो रामआसरे का शव घर के बरामदे में पड़ा मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि शव पर घिसटने के निशान थे। इसी वजह से उन्हें मौत के कारणों को लेकर संदेह है। बताया कि उनके बहनोई एक अन्य महिला के साथ नौ वर्ष से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। वहीं, पुलिस के अनुसार रामआसरे का शव घर के बाहर बरामदे में पड़ा था। उनके साथ रह रही महिला अकेले शव उठा नहीं सकीं। इसलिए शव घसीटकर बरामदे तक लाईं। इस वजह से शरीर और एड़ियों पर घिसटने के निशान आ गए।
थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रथम दृष्टया शराब के अधिक सेवन से मौत होने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पंजाब में रहती हैं पहली पत्नी
परिजनों के अनुसार रामआसरे मूल रूप से रामकोट थाना क्षेत्र के ककरहिया गांव के निवासी थे। पहली पत्नी से विवाद हो गया था। उनकी पहली पत्नी करीब 10 वर्ष पहले दोनों बेटों के साथ पंजाब चली गई थीं। इसके बाद रामआसरे फरिहा निवासी एक महिला के साथ रहने लगे थे। रामआसरे मजदूरी करके परिवार का गुजारा करते थे। वह शराब पीने के आदी भी थे। हालांकि गांव में किसी से झगड़ा नहीं करते थे।