खैराबाद/सदरपुर (सीतापुर)। खैराबाद इलाके में हाईवे पर एक डीसीएम की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई। सदरपुर इलाके में ट्रक व पिकअप में टक्कर हो गई, जिससे पिकअप सवार लोग बाल-बाल बच गए। दोनों घटनाओं में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
खैराबाद थाना क्षेत्र के रामपुर निजामपुर गांव निवासी रामकुमार (45) पुत्र पुत्तूलाल शनिवार सुबह करीब दस बजे साइकिल पर सवार होकर घर से जिला मुख्यालय जा रहे थे।
इस बीच जब वह खैराबाद इलाके में जमैयतपुर गांव के करीब हाईवे पर पहुंचा, तभी एक तेज रफ्तार डीसीएम उसकी साइकिल में टक्कर मार कर निकल गई। इस हादसे में साइकिल सवार रामकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
उधर, सदरपुर इलाके में एक ट्रक बालू लिए हुए रेउसा से गौड़ेचा होते हुए महमूदाबाद की ओर जा रहा था। जैसे ही यह ट्रक सदरपुर इलाके में गोड़ैचा के पड़ोस गोपालपुरवा के पास पहुंचा, तभी रामपुर मथुरा से धान व चावल लादकर जा रही एक पिकअप के ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
इस हादसे में पिकअप क्षतिग्रस्त हो गयी। हादसे में पिकअप का चालक बाल-बाल बच गया। पिकअप चालक रामपुर मथुरा निवासी वारिश ने घटना के बाद पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक ट्रक चालक वाहन छोड़ कर भाग निकला। खबर पाकर पुलिस पहुंच गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।