सदरपुर (सीतापुर)। बाइक सवार एक युवक की वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत भाग गया। युवक का अगले सप्ताह तिलक और शादी थी। मौत के बाद समारोह की खुशियां मातम में बदल गई हैं। परिवार में कोहराम मच गया।
सदरपुर इलाके के पिपरा खुर्द निवासी राम मिलन जायसवाल (28) बीती रात बाइक से जहांगीराबाद जा रहा था, इस बीच रास्ते में किसी वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी चल रही थी, लेकिन मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में युवक की मौत के बाद कोहराम मचा हुआ है।
युवक की शादी तय हो चुकी थी। 28 अप्रैल को उसका तिलक था। 30 को शादी होनी थी। इसको लेकर घर में तैयारियां चल रहीं थी। हर तरफ खुशी का माहौल था, लेकिन युवक की मौत के बाद तिलक और शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गई हैं। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। हर किसी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों की आंखों से आंसू थम नहीं रहे हैं। लोग एक-दूसरे को दिलासा दे रहे हैं।
चल रही थी शादी की तैयारी अब पसरा मातम
शादी के 13 दिन पहले ही दुनिया को अलविदा कहने वाले राममिलन तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़े भाइयों की शादी हो चुकी है। राममिलन की शादी को लेकर पूरे परिवार के साथ ही दोनों बड़े भाई काफी उत्साहित थे। वह छोटे भाई की शादी को लेकर काफी खुश थे। पूरे परिवार के नए कपड़े आ चुके थे। दुल्हन का सामान, साड़ी, गहने आ चुके थे।
हर तरफ शादी की ही धूम थी, लेकिन शादी की शहनाई बजने से ही अर्थी उठने से गांव में मातम है। युवक की मौत की खबर जैसे ही उसकी ससुराल पहुंची एकाएक किसी को भरोसा नहीं हुआ। लोग इस मनहूस खबर पर यकीन नहीं कर पा रहे थे, लेकिन सच्चाई से कब तक मुंह मोड़ा जाता। युवक की मौत के बाद से ससुराल में भी मातम है। दुल्हन बदहवास सी हो गई है।