सीतापुर। जिले में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार के बीच जिला प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट है। गुरुवार को अब तक कोरोना के सारे रिकॉर्ड टूटने के बाद डीएम ने कोरोना मरीजों को बेहतर इलाज के लिए कोविड अस्पतालों का जायजा लिया। उन्होंने पर्याप्त संख्या में ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
डीएम विशाल भारद्वाज गुरुवार सुबह ही निरीक्षण के लिए निकले। सबसे पहले उन्होंने जिला चिकित्सालय और जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। डीएम ने चिकित्सकों से भविष्य की चुनौतियों से निपटने को लेकर भी मंथन किया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने बीसीएम हॉस्पिटल खैराबाद और हिन्द इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज अटरिया का निरीक्षण किया। डीएम ने चिकित्सकों को पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी मधु गैरोला ने भी अधीनस्थों को जरूरी टिप्स दिए।