रेउसा (सीतापुर)। जिले के रेउसा व महमूदाबाद थाना क्षेत्र में सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई व चार घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
इलाके के गोबरहिया पुल के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मंगलवार रात एक युवक की मौत हो गई। थानाध्यक्ष हनुमंत लाल तिवारी ने बताया कि गांव पुरैनी बोहरा निवासी ललित कुमार श्रीवास्तव (40) सोमवार को घर से निकले थे। वह सेमरा गांव में अपने मामा के घर गए थे। बहराइच मार्ग मंगलवार रात अज्ञात वाहन से उनको टक्कर लग गई। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र महमूदाबाद में रामपुर मथुरा मार्ग पर एक बाइक सवार को एक अन्य बाइक से टक्कर लग गई। हादसे में बाराबंकी के बड्डूपुर थाना क्षेत्र निवासी महेंद्र (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर आई पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद में भर्ती करवाया।
बहराइच जनपद के थाना बौड़ी के धोविन पुरवा गांव निवासी पंकज (28) व रोहित (25) बाइक से लखनऊ जा रहे थे। थानगांव के होली पुरवा गांव निवासी देशराज निषाद (32) बाइक से किसी काम से रेउसा आ रहे थे। महमूदाबाद मार्ग पर परसिया गांव के पास दोनों बाइकें आपस में टकरा गईं। आमने-सामने की भीषण टक्कर में पंकज, रोहित व देशराज घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल बहराइच में भर्ती कराया गया।