सरैंया (सीतापुर)। सदरपुर इलाके में एक टेंपो पलटने से उसमें सवार एक युवक की मौत हो गई। उसकी बहन सहित चार लोग जख्मी हो गए। घायलों को सीएचसी पहला में भर्ती कराया गया है।
बिसवां से बुधवार को एक टैक्सी यात्रियों को लेकर महमूदाबाद जा रही थी। इस बीच रास्ते में सदरपुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर मोड़ के निकट टेंपो पलट गया।
जिससे टेंपो पर सवार लहरपुर इलाके के दरियापुर गांव निवासी विशाल (19) की दबकर मौत हो गई, जबकि उसकी सोलह वर्षीय बहन अवंतिका, गांव का ही निवासी अनुराग पटेल (16), रामपुर कलां क्षेत्र के अमझला निवासी आराध्या (16) व अभिषेक घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पहला में भर्ती कराया गया।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत
सीतापुर। रामपुर कलां इलाके में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे में उसका साथी जख्मी हो गया। सिधौली इलाके के पिपरा गांव निवासी तुलसी (50) अपने साथी अनूप (35) के साथ रामपुर कलां इलाके के गुलरिहा गांव से बाइक पर सवार होकर बुधवार को वापस जा रहा था।
जब यह लोग रामपुर कलां इलाके के मझिया मोड़ के पास पहुंचे, तभी गन्ने से भरे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में तुलसी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी अनूप जख्मी हो गया। अनूप को सीएचसी पहला में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़ कर भाग निकला। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।