झरेखापुर (सीतापुर)। गाय को सांड के हमले से बचाने गए युवक का गला गाय की रस्सी में फंस गया। इससे युवक के गले में फंदा कस गया और उसकी मौत हो गई। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हरगांव थाना क्षेत्र के कसहा मजरा सकलनपुर निवासी सुरेंद्र सिंह की गाय घर के बाहर रस्सी से बंधी थी।
बुधवार रात्रि लगभग एक बजे एक आवारा सांड ने गाय पर हमला कर दिया। बकौल सुरेंद्र सिंह गाय की आवाज सुनकर उसका पुत्र छविनाथ सिंह उर्फ कल्लू (38) रस्सी खोलने गया। इस दौरान गाय के गले में बंधी रस्सी का फंदा छविनाथ के गले में फंस गया, जिससे गले में फंदा कसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एकत्रित ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक कुलदीप तिवारी ने बताया कि मृतक के पिता की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।