इमलिया सुल्तानपुर। इमलिया सुल्तानपुर के छतौना गांव में सोमवार दोपहर विवाद के बाद गयाप्रसाद (42) को पीटकर मार डाला गया। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीण जुआ खेलने के दौरान विवाद की बात कह रहे हैं, हालांकि पुलिस ने जुआ खेलने की बात से इन्कार किया है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव निवासी गयाप्रसाद और रामू राठौर सोमवार को नशे की हालत में थे। इसी बीच पानी लाने समेत अन्य बातों को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इस दौरान रामू ने गयाप्रसाद को लाठी-डंडों से पीट दिया। पिटाई से गयाप्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। परिजन घायल को पहले सीएचसी और फिर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि दोनों आपस में जुआ खेल रहे थे। हालांकि पुलिस ने जुआ खेलने की बात से इन्कार किया है।
सीओ नागेंद्र ने बताया कि शराब के नशे में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। मामले के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स भी तैनात कर दी गई है।