रामपुर मथुरा। रामपुर मथुरा के रायसेनपुर स्थित वृहद गोवंश आश्रय स्थल में संरक्षित गोवंशों के भूसा और भरण-पोषण का भुगतान लंबित रखने के आरोप में ग्राम पंचायत अधिकारी चंद्र प्रकाश यादव को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों के निर्देश के बावजूद भुगतान में देरी और लापरवाही पर यह कार्रवाई की गई।
आश्रय स्थल में 1370 गोवंश संरक्षित हैं। जुलाई से अक्टूबर तक चार महीने का भूसा और पोषण सामग्री का करीब 60 लाख रुपये भुगतान बकाया है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कुमुद के मुताबिक, गोशाला को एनजीओ के माध्यम से संचालित कराने की प्रक्रिया चल रही थी। इसके लिए ग्राम प्रधान और सचिव के संयुक्त हस्ताक्षर से सहमति पत्र तैयार होना था। सचिव ने सहमति पत्र पर हस्ताक्षर तो कर दिए, लेकिन भुगतान करने से इनकार कर रहे थे।
बीडीओ समेत उच्चाधिकारियों ने कई बार लंबित भुगतान के निर्देश दिए, लेकिन इसके बावजूद भुगतान नहीं किया गया। बताया जाता है कि 17 सितंबर से पहले ग्राम पंचायत अधिकारी देशी लौकियां ग्राम पंचायत में तैनात थे। वहां भी भुगतान लंबित रखने की शिकायत सामने आई थी।
बीडीओ गोपाल यादव ने बताया कि गोवंशों के भरण-पोषण की सामग्री का समय से भुगतान न करने के आरोप में ग्राम पंचायत अधिकारी को निलंबित किया गया है।