रामपुरमथुरा (सीतापुर)। अभनापुर गांव में मारपीट के बाद एक युवक की शुक्रवार देर शाम मौत हो गई। अभनापुर निवासी रामू ने गांव निवासी दो भाइयों के साथ ट्रैक्टर खरीदने के लिए रुपयों का साझा किया था।
शाम के समय दोनों भाई रामू के घर आए। उससे कुछ बातचीत करने के लिए अपने घर ले गए। आरोप है कि वहीं कुछ कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस मारपीट में रामू (27) वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उनको लेकर सीएचसी आ रहे थे, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
वहीं चर्चा यह भी है कि आरोपी भाइयों ने रामू को किसी और विषय में अपने घर बुलाया था, फिर वहां मारपीट हुई। इसके बाद जख्मी रामू व एक महिला ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। महिला बच गई वहीं रामू की मौत हो गई। एएसपी दक्षिणी प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष कृष्ण नंदन तिवारी को रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।