कोतवाली इलाके में महमूदाबाद मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वह लखनऊ की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था।
मंगरौरा गांव निवासी पंकज शर्मा (30) पुत्र पुत्तन लखनऊ में प्राइवेट नौकरी करता था। बुधवार देर शाम वह बाइक पर सवार होकर लखनऊ से वापस गांव जा रहा था।
रात 9:30 बजे के करीब वह सिधौली कोतवाली इलाके में महमूदाबाद मार्ग पर लालपुर चौराहे के पास पहुंचा, तभी उसे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन टक्कर मार कर निकल गया। वाहन की टक्कर लगने से पंकज बाइक समेत मौके पर गिर गया। जिसके बाद उधर से निकल रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने गंभीर रूप से जख्मी पंक ज को सीएचसी सिधौली भेजा, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद खबर पाकर उसके परिवारीजन भी पहुंच गए थे। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।