औरंगाबाद। बेलहरी गांव निवासी संदीप (40) की बृहस्पतिवार को करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। वह लाइनमैन के साथ हाईटेंशन लाइन को जोड़ रहा था।
ग्रामीणों के अनुसार संदीप बिजली विभाग में तैनात लाइनमैन दीपू के साथ काम करते थे। बृहस्पतिवार को वह ट्रांसफार्मर पर चढ़कर 11 हजार वोल्ट की लाइन पर तार जोड़ रहे थे। तभी अचानक करंट आ गया। चपेट में आकर संदीप झुलसकर नीचे गिर गए। साथी कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत सीएचसी पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। उधर, घटना के बाद से ग्रामीणों में विभाग के खिलाफ आक्रोश दिखा।
आरोप है कि बिना शटडाउन लिए ही काम कराया जा रहा था। इसी वजह से हादसा हुआ है। ग्रामीणों ने संदीप के परिवार को आर्थिक सहायता के साथ परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग की है।
एसडीओ मिश्रिख अंकुर ने बताया कि करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत का मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही कि मौत कैसे हुई है। परिजनों से वार्ता की गई है। नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी।