सीतापुर। शादी का सीजन हो या कोई पर्व साइबर ठग आपको ठगने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। ऐसे में जागरूकता ही आपको बचा सकती है। अब फरवरी माह में शादियां शुरू हो जाएंगी। ऐसे में ठग लगातार कई लोगों को शादी का कार्ड एपीके एप के रूप में भेजने का काम करेंगे। जैसे ही फाइल को आप खोलेंगे आपका फोन हैक हो जाएगा। ऐसे मामलों में ठग आपकी निजी जानकारी को साझा करने का प्रयास करते हुए बैंकिंग एप के जरिये रुपयों की ठगी करने का प्रयास करेंगे।
साइबर के विशेषज्ञ अजय रावत बताते हैं कि ऐसी दशा में यूजर को चाहिए कि सबसे पहले वह अपने मोबाइल फोन में नेट को बंद करते हुए ##002# डायल कर लें। अगर उनका नंबर ठगों ने फॉरवर्ड पर लगाया होगा तो वह हट जाएगा। इसके बाद फोन को ऐरोप्लेन मोड़ पर लगाते हुए उसकी सिम निकालकर किसी कीपैड़ मोबाइल में डाल लें। फिर किसी अन्य मोबाइल फोन पर व्हाट्सएप को खाेलने का प्रयास करें, ध्यान रहे कि लॉग इन करते समय आप ओटीपी को फोन से लें। कोई भी बैंकिंग एप अगर आपके फोन में हों तो उसको तुरंत ही न खोलें। लगातार इसके लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
शहर निवासी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार के जिलाध्यक्ष सुशील अग्रवाल ने बताया कि नवंबर-दिसंबर माह में उनके पास एक नंबर से निमंत्रण पत्र के रूप में एपीके फाइल आई थी, लेकिन कुछ संदेह होने पर उन्होंने उस फाइल को नहीं खोला। कई लोगों को उन्होंने जब बताया तो पता चला कि यह फाइल ठगी के लिए उनके पास भेजी गई थी। इसके बाद सुशील अग्रवाल जागरूक हुए। वह बताते हैं कि अब वह लगातार अन्य लोगों को इसके बारे में जागरूक करते रहते हैं। नए साल पर उन्होंने अपने व्हाट्सएप स्टेट्स पर फाइल डाउनलोड न करने की अपील लोगों से की थी।
आप भी बता सकते हैं आपबीती
अगर आपके साथ भी साइबर ठगों ने धोखाधड़ी की है तो आप हम अपनी आपबीती बता सकते हैं। अमर उजाला साइबर ठगों के खिलाफ अभियान चला रहा है। आपकी बताई गई समस्या प्रकाशित की जाएगी। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। आप हमें 9368724173 पर संपर्क कर सकते हैं।