सीतापुर। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के दावों के बीच दंत रोग विभाग की एक्सरे मशीन मरीजों के किसी काम नहीं आ रही है। मशीन खरीदने के बाद से अब तक इसे क्रियाशील नहीं किया जा सका है।
ऐसे में दांतों की समस्या लेकर पहुंचने वाले मरीजों को एक्सरे कराने के लिए निजी जांच केंद्रों पर जांच कराने की परेशानी के साथ जेब भी ढीली करना पड़ रही है।
दंत रोग विभाग में रोजाना करीब 20 से 25 मरीज ऐसे पहुंचते हैं, जिन्हें उपचार से पहले दांतों का एक्सरे कराने की जरूरत होती है। अस्पताल में मशीन उपलब्ध होने के बावजूद इंस्टालेशन न होने से चिकित्सक मरीजों को बाहर से जांच कराने की सलाह दे रहे हैं।
सरकारी अस्पताल में इलाज की उम्मीद लेकर आने वाले आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को भी निजी केंद्रों पर अपनी जेब ढीली करनी पड़ रही है। मशीन चालू हो जाए तो मरीजों को बाहर जाने और अतिरिक्त खर्च से राहत मिल सकती है।
अस्पताल पहुंचे मरीज राजुल और मोहित ने बताया कि दांतों में परेशानी होने पर चिकित्सक ने एक्सरे कराने की सलाह दी, लेकिन अस्पताल में सुविधा नहीं मिलने के कारण बाहर से जांच करानी पड़ी। मोहित ने बताया कि उनके बेटे के दांत में चोट लग गई थी। चिकित्सक ने एक्सरे कराने को कहा, लेकिन अस्पताल में मशीन चालू न होने से निजी केंद्र पर जांच करानी पड़ी।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. इंद्र सिंह ने बताया कि इसे इंस्टाल करने के लिए आपूर्तिकर्ता कंपनी को रिमाइंडर भेजा गया है।