सिधौली/कुंवरगड्डी। अटरिया के सहजनपुर गांव के पास नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह करीब छह बजे एक डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
तालगांव के भुलभुलिया गांव निवासी गोविंद (22), रानीपुरवा निवासी आकाश (18) और लहरपुर के बिनौरा गांव निवासी नीलू (25) एक ही ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार होकर लखनऊ ईंट पहुंचाने गए थे। ईंट उतारने के बाद वह वापस बिसवां स्थित भट्ठे की ओर जा रहे थे। मंगलवार सुबह जैसे ही उनका वाहन अटरिया के सहजनपुर गांव के पास पहुंचा, तभी पीछे से तेज रफ्तार डंपर आकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं ट्रैक्टर पर सवार भुलभुलिया निवासी सुशील कुमार (33) और रानीपुरवा निवासी विकास (20) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी सिधौली में भर्ती कराया गया है।