हरगांव। अवध शुगर मिल में काम करते समय रविवार को एक मजदूर की करीब 120 फीट की ऊंचाई से गिरकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि डिस्टलरी परिसर में टिनशेड की मरम्मत करते समय यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मुरादनगर निवासी विश्वजीत भारती (21) ठेके पर मजदूरी करने के लिए चीनी मिल आए थे। वह डिस्टलरी यूनिट में टिनशेड को सही कर रहे थे। तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह 120 ऊपर से नीचे गिर गए। बैगास कैरियर पर गिरने की आवाज सुनते ही अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे और किसी तरह विश्वजीत को अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इधर मिल प्रशासन के साथ मौके पर पुलिस भी पहुंच गई।
अन्य मजदूरों में यह चर्चा है कि काम के दौरान सुरक्षा मानकों का कोई पालन नहीं किया जा रहा था। करीब 120 फिट की ऊंचाई पर मजदूर काम कर रहा था। अगर सुरक्षा उपकरण देकर काम कराया जाता तो मजदूर की जान बच सकती थी।
प्रभारी थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों ने सिर्फ पोस्टमार्टम कराने की तहरीर दी है। परिजनों ने किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है। मौके पर आई राजस्व टीम में तहसीलदार आदि ने भी जांच की है। चीनी मिल के एसचआर देवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता की जाएगी। इसमें मृतक के एक आश्रित को नौकरी, आश्रितों को 11 लाख रुपये दिए जाएंगे। आपसी सहमत से यह समझौता हुआ है।
दो माह बाद होना था विवाह
भाई विकास ने बताया कि विश्वजीत तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। वह परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में हाथ बंटाते थे। छोटा होने के नाते वह घर में सबसे दुलारे थे। उनका विवाह तय हो चुका था। दो माह बाद उनका विवाह था। इस हादसे से परिवार अचानक गहरे सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पूर्व में भी हो चुकी है मौत
एक वर्ष पहले भी मिल परिसर में काम करने वाले एक मजदूर की मौत हो चुकी है। वर्ष 2024 में कस्बा निवासी विनोद यादव (50) ठेका मजदूर थे। दिसंबर माह में उनकी तबियत बिगड़ी थी। विनोद की मौत हो जाने के बाद उनके परिजनों ने नाराजगी जताते हुए शव रखकर प्रदर्शन भी किया था। पुलिस ने परिजनों को किसी तरह समझाकर मामला रफा-दफा किया था।