तालगांव इलाके में ट्रैक्टर-ट्रॉली से ले जाई जा रही लकड़ी के हाई वोल्टेज लाइन की जद में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तालगांव इलाके में रिखौना गांव के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर चालक व करीब 15 मजदूर लकड़ी भरकर जा रहे थे।
इस बीच रास्ते वाहन जब हाई वोल्टेज लाइन के नीचे पहुंचा तो एकाएक मजदूरों को खतरा लगा। इस पर लकड़ी पर बैठे मजदूर नीचे कूद गए, लेकिन तालगांव इलाके के भेलावां गांव निवासी छोटू (30) पुत्र चांद खां ने कूदने के प्रयास में ट्रॉली पकड़ ली। ट्रॉली में करंट उतरने से छोटू झुलस गया।
उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक व मजदूर भाग निकले। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। एसओ एके सिंह का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।