सीतापुर। अंतरजनपदीय स्थानांतरण के बाद मंगलवार को 200 शिक्षक कार्यमुक्त कर दिए गए। इसे लेकर मंगलवार को दिनभर बीएसए कार्यालय में हलचल रही। अंतरजनपदीय स्थानांतरण के तहत जिले से 1418 शिक्षकों का गैर जनपद स्थानांतरण हुआ है। अब इन शिक्षकों को कार्यमुक्त किया जा रहा है। पिछले दो दिन से चल रही प्रक्रिया में करीब 200 शिक्षक कार्यमुक्त हो गए है। मंगलवार को बीएसए कार्यालय में इनके प्रपत्र जमा कराए गए। इसके बाद कार्यमुक्ति का आदेश दे दिया गया।
जिले को मिले 485 शिक्षक
अंतरजनपदीय स्थानांतरण के तहत जिले से 1418 शिक्षक चले जाएंगे। इनकी भरपाई के लिए महज 485 शिक्षक गैर जनपदों से जिले में आएंगे। इससे शिक्षकों की कमी होने पर पढ़ाई बाधित होगी।
डीएम से की शिकायत
मंगलवार को कई शिक्षक जिलाधिकारी से मिलने पहुंच गए। इन शिक्षकों ने जिलाधिकारी से कार्यमुक्त करने में देरी की शिकायत की। कहा कि जिले में देरी से जाने पर वरिष्ठता सूची प्रभावित होगी। इस पर जिलाधिकारी ने बीएसए को जल्द कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए।
शिक्षकों को कार्यमुक्त किया जा रहा है। जल्द ही सभी शिक्षकों को कार्यमुक्त कर दिया जाएगा।
- अजीत कुमार, बीएसए