जिला महिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान मरीजों से बातचीत करतीं महिला आयोग उपाध्यक्ष चारु चौधरी
सीतापुर। राज्य महिला आयोग की सदस्य चारू चौधरी ने शुक्रवार को जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान मरीजों के पास बाहर की अल्ट्रासाउंड जांच रिपोर्ट मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद सीएमएस को फटकार लगाते हुए तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के लिए निर्देशित किया।
चारू चौधरी ने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर गर्भवती महिलाओं को मिल रही इलाज सुविधाओं के बारे में जाना। इस दौरान कई मरीजों के पास निजी पैथोलॉजी की अल्ट्रासाउंड जांच रिपोर्ट मिलने पर नाराजगी भी जताई। भर्ती महिलाओं ने बताया कि अस्पताल में यह सुविधा बहुत ही मुश्किल से मिल पाती है। मजबूरी में बाहर जांच करवानी पड़ती है। सीएमएस ने बताया कि मरीजों की संख्या काफी अधिक होती है। ऐसे में एक ही रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती होने के कारण सभी की जांच कराना संभव नहीं हो पाता है। इस पर उन्होंने रेडियोलॉजिस्ट की संख्या बढ़ाने के लिए शासन को पत्राचार करने का निर्देश दिया। इससे पहले उन्होंने तहसील सभागार में जनसुनवाई कर महिलाओं की परेशानियों को सुनकर एसडीएम व सीओ को समयबद्ध स्तर पर निस्तारित करवाने के लिए निर्देशित किया।
प्रमुख अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने जनसुनवाई में प्रमुख अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह की जनसुनवाई का कोई औचित्य नहीं है। जब जिम्मेदार अधिकारी ही उपस्थित न हों। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली पर भी असंतोष जताया। जनसुनवाई में आठ महिलाओं ने अपनी समस्याओं को उपाध्यक्ष के समक्ष रखा। इनमें घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न, संपत्ति विवाद और कार्यस्थल पर उत्पीड़न जैसे मामले शामिल रहे।
लापता किशोरी के मामले में पुलिस को फटकार
कोतवाली देहात क्षेत्र से तीन माह से लापता किशोरी के नहीं मिलने पर उपाध्यक्ष ने पुलिस को कड़ी फटकार लगाई। किशोरी की मां ने बेटी की तलाश व आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। उपाध्यक्ष ने पुलिस से सवाल किया कि तीन महीने बीतने के बाद भी किशोरी को क्यों नहीं बरामद किया जा सका? उन्होंने एक सप्ताह के भीतर किशोरी को तलाशने के निर्देश दिए।