सीतापुर। पांच ब्लॉकों की नौ ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के प्रत्याशी के मौत के कारण पुनर्मतदान कराया गया। संबंधित ब्लॉक पर मंगलवार को शांतिपूर्ण ढंग से मतगणना हुई। इसके बाद जीते सभी प्रत्याशियों को आरओ ने प्रमाण पत्र दिया। नौ प्रधान पदों में से तीन पर महिलाओं ने विजय पताका फहराई है।
29 अप्रैल को मतदान से पूर्व नौ प्रत्याशियों की मृत्यु के कारण नौ ग्राम सभाओं में नौ मई को पुनर्मतदान कराया गया। इसमें उत्साह के साथ मतदाताओं ने मतदान किया था। विकासखंड पिसावां की एक, सिधौली की तीन, कसमंडा की दो, बिसवां की एक एवं ब्लॉक रेउसा की दो ग्राम पंचायतों में प्रधान पद की कुर्सी पाने के लिए 64 प्रत्याशियों ने जोर आजमाइश की थी।
संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों पर मंगलवार को मतों की गणना शांतिपूर्ण ढंग से एआरओ व आरओ द्वारा कराई गई। अफसरों की मौजूदगी में परिणाम की घोषणा की गई। इससे प्रधान पद पर जीते प्रत्याशियों व उनके समर्थकों के चेहरे खिल गए। सभी एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशी का इजहार किया।
सिधौली संवाद के अनुसार 29 मई को पंचायत चुनाव के दौरान होने वाले प्रधान पद के चुनाव में ब्लाक सिधौली की ग्राम पंचायत बाड़ी, छावन, उनई के एक-एक प्रत्याशी का आकस्मिक निधन हो जाने से प्रशासन ने चुनाव रद्द करके नौ मई को मतदान करवाया। मंगलवार को ब्लॉक मुख्यालय पर मतगणना कड़ी सुरक्षा के मध्य की गई।
जिसमें बाड़ी ग्राम पंचायत चुनाव में हाजी जलीस अंसारी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आफताब को 401 मतों से पराजित किया। ग्राम पंचायत उनई से ज्ञानवती पत्नी हरि नाम ने 60 वोटों से विजयी हासिल की। ग्राम पंचायत छावन से सीमा भार्गव पत्नी परशुराम भार्गव 67 वोटों से विजयी रहीं। सीमा भार्गव को 302 मत प्राप्त हुए, जबकि पार्वती 244 मत प्राप्त कर दूसरे स्थान पर रहीं।
पिसावां संवाद के अनुसार पिसावां विकासखंड के बीहट गौर ग्राम पंचायत में पूर्व में मृतक प्रत्याशी भोगनाथ का बेटा विशाल गौतम प्रधान बना। विशाल गौतम 272 वोटों से विजयी घोषित किए गए। मंगलवार को विकासखंड पर हुई मतगणना में विशाल गौतम को 1883 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी रामदयाल को 1611 मत मिले। निर्वाचन अधिकारी ने विशाल गौतम को प्रधान पद पर जीतने का प्रमाण पत्र दिया।
बिसवां संवाद के अनुसार, ग्राम पंचायत कालूपुर में प्रधान के पद के लिए हुए पुनर्मतदान में राकेश कुमार एवं टॉनिक चन्द्र के मध्य कड़ा मुकाबला हुआ। राकेश कुमार ने मात्र छह मतों से विजय हासिल की है, उन्हें 403 मत मिल हैं। टॉनिक चन्द 397 मत पाकर दूसरे स्थान पर रहे।
कमलापुर संवाद के अनुसार ब्लाक कसमंडा की ग्राम पंचायत पूरनपुर से रवि कुमार मिश्रा प्रधान पद पर जीते हैं। रवि को 287 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी रमाशंकर को 228 मत प्राप्त हुए हैं। ग्राम पंचायत भंडिया से फरजाना विजयी घोषित की गई। उन्हें 846 मत मिले हैं, सीमा सिंह 665 मत पाकर दूसरे स्थान पर रहीं।
रेउसा संवाद के अनुसार ग्राम पंचायत नकहा केनोरा से अक्षय लाल एवं ग्राम पंचायत भौली से चंद्रशेखर बाजपेई प्रधान निर्वाचित किए गए हैं। दोनों प्रत्याशियों को आरओ प्रमाण पत्र दिया।