सीतापुर। मिश्रिख ब्लॉक की ग्रामसभा शिवथान में आरजू प्रेरणा समूह की संचालिका नाजिया अन्य सदस्यों के साथ जलकुंभी और जूट से आकर्षक उत्पाद बना रही हैं। उनकी यह मुहिम नित नए उत्पाद बनाने की ओर अग्रसर है। इससे 65 महिलाओं को सीधे रोजगार मिला है। बनाए गए उत्पादों की बिक्री से उनके परिवार का जीवनयापन हो रहा है। जलकुंभी से बने फाइल कॅवर बॉक्स का सीडीओ और आर्यावर्त बैंक के महाप्रबंधक ने ऑर्डर दिया है।
आरजू प्रेरणा स्वयं सहायता समूह की संचालिका व सदस्य स्वयं और अन्य 65 महिलाओं को रोजगार देकर जलकुंभी और जूट से अच्छे उत्पाद बना रही हैं। वह इससे पेन स्टैंड, पूजा के समान, आसनी, टी टोस्टर, दस्तरख्वान, फाइल कवर बॉक्स, स्लीपर, होली के लिए गिफ्ट बैग, ज्वैलरी समेत कई सामग्रियां तैयार कर रही हैं। इसकी बिक्री प्रदेश के बाहर भी हो रही है। लोग ऑर्डर बुक करा रहे हैं। सीडीओ निधि बंसल ने और आर्यावर्त बैंक के महाप्रबंधक ने फाइल कवर बॉक्स का ऑर्डर दिया है। नाजिया ने बताया कि बैंक का सप्लाई भेजी जा चुकी है। सीडीओ के ऑर्डर को शीघ्र देने के लिए तैयारी हो रही है।
मऊ जिले में 35 महिलाओं को बना रहीं हुनरमंद
नाजिया खातून को मास्टर ट्रेनर चयनित किया गया है। वह मऊ जिले में 11 फरवरी से यूनियन ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान परदहां में 35 महिलाओं को जूट और जलकुंभी से आकर्षक उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण दे रही हैं। यह प्रशिक्षण 24 फरवरी तक चलेगा। इसके पूर्व वह रायबरेली, हरदोई, बरेली, मुरादाबाद, सुल्तानपुर आदि जिलों के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को जलकुंभी और जूट से सामान बनाने का प्रशिक्षण दे चुकी हैं। नाजिया ने बताया कि शीघ्र ही निष्प्रयोज्य कागज से आकर्षक सामान बनाने का महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका प्लान बना लिया है।
प्रेरणादायक पहल
जलीय खरपतवार से मूल्य संवर्धित वस्तु का निर्माण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में सकारात्मक सोच एवं प्रेरणा का परिचायक है। नाजिया जिस हौसले व लगन से बढ़ रही हैं, वह सभी के लिए प्रेरणादायक है। डाॅ. दया एस श्रीवास्तव, अध्यक्ष केविके कटिया