सीतापुर। महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रदेश सरकार द्वारा पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किए गए मिशन शक्ति के महिला हेल्प डेस्क सिस्टम को शुक्रवार से पूरे प्रदेश में लागू कर दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से ही प्रदेश के चुनिंदा थानों से सीधे जुड़ कर महिला हेल्प डेस्क का ऑनलाइन शुभारंभ किया। प्रदेश के चयनित किए गए कुछ थानों में से सीतापुर का खैराबाद भी शामिल था।
खैराबाद थाने में सीतापुर पुलिस की ओर से तैयार किए गए महिला हेल्प डेस्क का ऑनलाइन उद्घाटन हुआ। खैराबाद के अलावा जिले के सभी थानों में आज से ही शुरू कर दिया गया है। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि लखनऊ जोन के एडीजी एसएन साबत उपस्थित हुए। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में महिलाओं ने देश का नाम रोशन किया है। महिला हेल्प डेस्क सशक्तिकरण में सहायक होगी। यह सरकार का नवरात्रि में महिलाओं को एक अनमोल तोहफा है। सरकार द्वारा शुरू किया गया महिला हेल्प डेस्क महिलाओं की सुरक्षा में बहुत ही कारगर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति का पायलट प्रोजेक्ट प्रदेश में सबसे पहले लखनऊ रेंज में ही किया गया था। इसकी कामयाबी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने इसमें 23 विभागों को समाहित करते हुए इसे पूरे उत्तर प्रदेश में लागू कर दिया। उन्होंने कहा कि जिले में आत्मसुरक्षा के लिए महिलाओं, बालिकाओं को मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण भी दिलाया जायेगा। इस मौके पर एसपी आरपी सिंह ने एडीजी को स्मृति चिह्न भेंट किया। एएसपी एनपी सिंह ने आए हुए लोगों का आभार जताया।