महोली कोतवाली क्षेत्र में कैंसर जैसी गंभीर रोग से जूझ रही एक महिला ने रविवार को ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। परिवार का कहना है कि कैंसर के कारण उसके शरीर में असहनीय पीड़ा होती थी। जिसकी वजह से उसने परेशान होकर अपनी जान गंवाई है।
महोली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छहेलिया निवासी मनफूल का परिवार शनिवार रात घर में सो रहा था। रविवार की सुबह परिवार के जागने से पहले ही मनफूल की पत्नी मनकोरा देवी (40) घर से निकल ली। उसने नेरी के करीब पिसावां मार्ग पर पड़ने वाले रेल क्रॉसिंग के निकट आ रही ट्रेन के आगे छलांग लगा दी।
इससे मौके पर ही कटकर मनकोरा देवी की मौत हो गई। इधर सुबह जब परिवारीजनों ने मनकोरा देवी को बिस्तर से गायब देखा तो उसकी तलाश शुरू कर दी। नेरी के निकट पहुंचने पर परिवार को मनकोरा का शव रेल पटरी पर पड़ा मिला। घटना के संबंध में मनकोरा के पुत्र अनूप व देवर राजेश ने पुलिस को बताया कि मनकोरा के पेट में कैंसर था। जिसकी वजह से उसे असहनीय पीड़ा होती थी।
लंबे समय से इलाज किया जा रहा था, लेकिन उसे कोई लाभ नही हो रहा है। पेट में दर्र्द इस कदर उठता था कि वह चीखने चिल्लाने के साथ इधर-उधर भटकने लगती थी। कई बार जान देने का प्रयास भी कर चुकी थी। परिवारीजन का कहना है कि कैंसर की असहनीय पीड़ा से निजात पाने के लिए मनकोरा देवी ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली।