सिधौली (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में एक महिला का शव संदिग्ध हालात में रेल ट्रैक पर पड़ा मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सिधौली कोतवाली क्षेत्र के कुचौरा बंगला गांव के सामने रेल पटरी के किनारे मंगलवार सुबह एक अधेड़ महिला का शव संदिग्ध हालात में पड़ा मिला।
हाईवे पर लखनऊ जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रहे यात्रियों ने शव देख कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए आसपास के प्रधानों को जानकारी दी।
मौके पर पहुंचे लोगों ने महिला की पहचान मखाना (50) पत्नी मौजी यादव निवासी कुचौरा बंगला कोतवाली सिधौली के रूप में की। परिवारीजन का कहना है कि सुबह महिला का पति दूध बेचने के लिए निकला था।
घर के लोग दूसरे कामों में व्यस्त थे। इसी बीच मखाना ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। उसने बताया कि कोई विवाद नहीं था। कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि शव संदिग्ध अवस्था में पाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।