महमूदाबाद (सीतापुर)। महमूदाबाद में रविवार को रामपुरमथुरा मार्ग पर गन्ना लदे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। महिला अपने मायके से सुसराल जा रही थी। हादसे में बाइक चला रहे पति व दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
बाराबंकी के थाना घूंघटेर गांव सायपुर बकसेलिया निवासी राकेश (40) के मुताबिक वह अपनी पत्नी पुष्पा देवी (36), बेटे रामू (7), कार्तिक (आठ माह) के साथ बाइक से घर जा रहे थे। बताया कि पुष्पा का माइका थाना रामपुरमथुरा के गांव बांसुरा में है। सभी वहां से वापस घर लाैट रहे थे। रास्ते में दूरभाष केंद्र के समीप गन्ना लदे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
हादसे में सभी बाइक सवार जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों ने सभी को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने पुष्पा देवी को मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने बताया कि ट्रक का चालक भाग गया है। वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक चालक व दोनों बच्चों का इलाज चल रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।