संदना (सीतापुर)। बंदर भगाने छत पर गई महिला शुक्रवार को ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। इससे करंट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना से पुलिस व बिजली विभाग के जिम्मेदारों को अवगत कराया गया। पुलिस ने शव लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
संदना निवासिनी लज्जावती (40) पत्नी उमाशंकर शुक्रवार को खाना बना रही थी। इसी दौरान वहां बंदर आ गए और उसके पास रखी सब्जी लेकर एक बंकर छत की ओर भागा। इस पर महिला डंडा लेकर बंदर का पीछा करते हुए छत पर पहुंच गई। तभी छत के ऊपर से गुजरी बिजली की हाईटेंशन लाइन की वह चपेट में आ गई जिससे उसे जबरदस्त झटका लग गया। जब तक परिवार के लोग उसको कहीं इलाज के लिए ले जाते, उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद लोगों ने पुलिस व बिजली विभाग के जिम्मेदारों को सूचना दी। खबर पाकर थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दारोगा शिवसिंह यादव का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना को लेकर बिजली विभाग के सहायक अभियंता सुधीर भारती का कहना है कि मौके की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।